हल्द्वानी में कांग्रेसियों को रोकने व जिला योजना के विरोध कांग्रेस ने फूंका सरकार का पुतला

 


उत्तरकाशी, 12 अगस्त (हि.स.) नैनीताल-हल्द्वानी में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली में शामिल होने जा रहे लोगों को पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने व उत्तरकाशी जिला योजना के बजट आवंटन में की गई अनियमितताओं पर कांग्रेसियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।

कांग्रेसियों ने बुधवार को विरोध में सरकार के विरूद्ध जमकर प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला दहन विरोध जताया।

बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत के नेतृत्व में हनुमान चौक पर एकत्रित हुए। जहां पर सभी कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरूद्ध जमकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश का प्रशासन पूरी तरह निरंकुश होता जा रहा है।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कांग्रेस की लोकतांत्रिक रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेसजनों को रोकने का प्रयास अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर प्रशासन द्वारा विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जिला योजना के बजट आवंटन में भी नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी किए जाने के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों से आवश्यक प्रस्ताव एवं स्वीकृति प्राप्त किए बिना योजनाओं को स्वीकृत किया गया तथा कथित रूप से भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से योजनाओं का आवंटन किया गया। यदि ऐसा हुआ है तो यह सीधे तौर पर पारदर्शिता और वित्तीय नियमों का उल्लंघन है। जिसके लिए कांग्रेस पार्टी जिला योजना में हुए बजट आवंटन की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग करती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला योजना के बजट आवंटन में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं की गई और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनहित में अपना आंदोलन और अधिक व्यापक करेगी।

इस मौके पर पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश गौड़, शीशपाल पोखरियाल, मनोज पंवार, बिपिन नौटियाल, विक्रम रावत, जिला महासचिव जीतम सिंह रावत, नवीन भंडारी, सुधीश पंवार, कविता जोगला, मधु रावत, दलेब सिंह नेगी, सभासद एवं जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस मनीष पंवार, रमन कटैथ, सूर्यबल्लभ नौटियाल, दीपक रावत, मनोज राही दीपक कुमार आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल