ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को आपदा राहत के बराबर मिलेगी अतिरिक्त सहायता : मुख्यमंत्री

 


देहरादून, 14 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तराखंड में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को निर्धारित आपदा राहत मानकों के तहत मिलने वाली सहायता के बराबर अतिरिक्त राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कृषि, औद्यानिकी और गन्ने की फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रभावित किसानों के अक्टूबर से दिसंबर तक के बिजली बिलों का भुगतान भी स्थगित रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को निर्धारित आपदा राहत मानकों के तहत मिलने वाली राशि के अतिरिक्त उतनी ही राशि और दी जाएगी। इससे फसल क्षति के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने के लिए अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के बिजली बिलों का भुगतान स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों को फसल नुकसान के बाद उत्पन्न आर्थिक दबाव से निपटने में मदद मिलेगी।

केसीसी ऋण पर राहत के लिए केंद्र को पत्र

राज्य सरकार किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की अदायगी तीन माह तक स्थगित करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध करेगी। इसके लिए वित्त मंत्रालय को पत्र भेजा जाएगा। हालांकि, ऋण अदायगी स्थगित करने की राहत केंद्र सरकार के निर्णय पर निर्भर करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न कठिनाइयों से उन्हें उबारने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आजीविका सुरक्षित रखने और कृषि गतिविधियों को जारी रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय