गुरुकुल कांगड़ी वि. वि. कुलसचिव मारपीट प्रकरण : यूनियन अध्यक्ष-महामंत्री समेत छह निलंबित
हरिद्वार, 08 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव के साथ मारपीट के मामले में कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जांच के बाद कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष और महामंत्री समेत छह कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी को देहरादून स्थित कन्या गुरुकुल परिसर से संबद्ध किया गया है। शनिवार शाम को जारी आदेश के तहत निलंबितों में यूनियन अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज, महामंत्री नरेंद्र मलिक, अरुण, ओमवीर सिंह, उमाशंकर और सत्यदेव शामिल हैं।
विश्वविद्यालय में 31 अक्टूबर को यह घटना हुई थी। आरोप है कि कुछ कर्मचारी जबरन कुलपति कार्यालय में प्रवेश का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलने पर कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को काम पर लौटने को कहा। इसी को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने कुलसचिव के साथ हाथापाई की।
घटना के दौरान कुलपति कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ने, डीवीआर ले जाने और गोपनीय फाइलें हटाने का भी आरोप लगा है। मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया था।
घायल कुलसचिव को पहले जिला अस्पताल और फिर गंभीर हालत में जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया, जहां करीब एक सप्ताह से उनका उपचार चल रहा है।इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कुलपति प्रतिभा मेहता लूथरा ने बताया कि जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है। आर्य प्रतिनिधि सभा भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला