गुरु वंदन कार्यक्रम में छलका श्रद्धा भाव, शिक्षकों को सम्मान-पत्र देकर किया अभिनंदन

 


हरिद्वार, 08 सितंबर (हि.स.)। शिष्य का कल्याण और आत्मिक उन्नति गुरु के सानिध्य में ही संभव है। शिष्य की प्रगति गुरु को उत्साहित करने के साथ समाज में उन्हें प्रतिष्ठा भी प्रदान करती है। इसी भाव को समर्पित करते हुए शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग, गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय, हरिद्वार के एमपीएड एवं बीपीएड प्रशिक्षु छात्रों ने दयानंद स्टेडियम में गुरु वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम के दौरान बीपीएड छात्रों ने गुरुओं के सम्मान में केक सेरेमनी आयोजित की तथा शिक्षकों को सम्मान-पत्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर डॉ. अजय मलिक ने कहा कि छात्रों को धैर्य और त्याग के साथ सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। डॉ. शिवकुमार चौहान ने कहा कि छात्र गुरु की अंतःभावनाओं का प्रतिबिंब होता है। डॉ. कपिल मिश्रा एवं डॉ. अनुज कुमार ने छात्रों से गुरुओं के प्रति सदैव कृतज्ञ रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आदित्य कुमार, आदित्य कश्यप, हितिक चंद्रा, सुचित सोनारे, अभय प्रताप सिंह, हिमांशु सैनी, अमन मलिक सहित अन्य छात्रों ने शिक्षकों के प्रति अपने भाव एवं श्रद्धा व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला