गुरुपूर्णिमा पर्व का शुभारंभ, शांतिकुंज पहुंचे हजारों गायत्री साधक
हरिद्वार, 28 जुलाई (हि.स.)। करोड़ों गायत्री साधकों की आस्था के केन्द्र शांतिकुंज में मंगलवार से दो दिवसीय गुरुपूर्णिमा पर्व का शुभारंभ श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच हुआ। इस अवसर पर विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ 24 घंटे का अखण्ड गायत्री महामंत्र जप भी प्रारंभ हुआ, जिसमें देश-विदेश से आए एक हजार से अधिक साधकों ने सहभागिता की।
युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि जन्मशताब्दी वर्ष-2026 युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का महाअभियान है। उन्होंने संस्कार, सेवा, साधना, पर्यावरण संरक्षण, नारी जागरण और युवा चेतना से जुड़े अभियानों को घर-घर तक पहुंचाने पर बल दिया। महिला मण्डल प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या ने कहा कि युगऋषि ने अपना सम्पूर्ण जीवन मानवता के उत्थान और विश्व में सद्भावना के लिए समर्पित किया। अपने तप, त्याग और दूरदर्शी चिंतन से उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थापना की, जो आज संस्कार, सेवा और साधना का संदेश विश्वभर में पहुंचा रहा है।
कार्यक्रम में देवसंस्कृति दिग्दर्शन के नवीन स्वरूप का लोकार्पण भी किया गया।
शांतिकुंज मीडिया के अनुसार पर्व का मुख्य कार्यक्रम बुधवार को होगा। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शांतिकुंज पहुंचे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला