गुर्जर समाज पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में लक्सर कोतवाली पहुंचे प्रतिनिधि, 24 घंटे का अल्टीमेटम
हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो को लेकर गुर्जर समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ऑडियो में समाज के खिलाफ कथित अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने से नाराज समाज के प्रतिनिधियों ने शनिवार को लक्सर कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने दिन्दर नाराना नाम के व्यक्ति के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि वायरल ऑडियो में गुर्जर समाज के लिए अपमानजनक शब्दों और गाली-गलौज का इस्तेमाल किया गया है, जिससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति को किसी जाति या समाज का अपमान करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए।
अनिल चौधरी, अमरीश चौधरी, भूपेंद्र चौधरी और कुलदीप चौधरी ने कहा कि उनका संगठन छत्तीस बिरादरी के लोगों के हित में काम करता है। संगठन का उद्देश्य शिक्षा, चिकित्सा और जरूरतमंदों की सहायता करना है। समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रतिनिधियों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर समाज के लोग लक्सर कोतवाली में धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मान से जुड़े इस मामले में वे चुप नहीं बैठेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला