उत्तराखंड के अराजपत्रित कर्मचारियों को 30 दिन का तदर्थ बोनस मंजूर, अधिकतम 6,908 रुपये मिलेंगे
देहरादून, 2 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार ने दीपावली के अवसर पर राज्य के कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 30 दिन के तदर्थ बोनस के भुगतान को मंजूरी दी है। इसके तहत पात्र अराजपत्रित कर्मचारियों को अधिकतम करीब 6,908 रुपये बोनस मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में स्वीकृति प्रदान की है।
वित्त विभाग की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार, समूह 'ग' और 'घ' के कर्मचारियों के साथ समूह 'ख' के उन अराजपत्रित कर्मचारियों को भी बोनस दिया जाएगा, जिनका ग्रेड वेतन 4,800 रुपये तक है। यह लाभ उन कर्मचारियों को मिलेगा, जो उत्पादकता से जुड़ी किसी अन्य बोनस योजना के दायरे में नहीं आते हैं।
शासनादेश के मुताबिक, बोनस की गणना 30 दिन की परिलब्धियों के आधार पर की जाएगी। इसके लिए अधिकतम मासिक परिलब्धियों की सीमा 7,000 रुपये तय की गई है। इस आधार पर पात्र नियमित कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
सरकार ने कैजुअल और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया है। छह कार्यदिवसीय सप्ताह वाले कार्यालयों में पिछले तीन वर्षों या उससे अधिक समय तक प्रत्येक वर्ष कम से कम 240 दिन और पांच कार्यदिवसीय सप्ताह वाले कार्यालयों में प्रत्येक वर्ष कम से कम 206 दिन काम करने वाले पात्र कर्मचारियों को भी बोनस मिलेगा। इनके लिए गणना की मासिक सीमा 1,200 रुपये तय की गई है। इस आधार पर उन्हें अधिकतम करीब 1,184 रुपये मिलेंगे।
बोनस के लिए वही कर्मचारी पात्र होंगे, जो 31 मार्च 2026 को सेवा में कार्यरत थे और उस तारीख तक कम से कम छह महीने की निरंतर एवं संतोषजनक सेवा पूरी कर चुके थे। छह महीने से एक वर्ष तक की सेवा वाले कर्मचारियों को नियमानुसार आनुपातिक आधार पर बोनस दिया जाएगा।
शासनादेश में स्थानीय निकायों और विकास प्राधिकरणों के पात्र कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। हालांकि, इन संस्थाओं को बोनस का भुगतान अपने संसाधनों से करना होगा और यह लाभ उनके लाभ में होने की स्थिति में ही दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के विकास और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार उनके हितों और कल्याण का ध्यान रखते हुए समय-समय पर प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर बोनस मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों की त्योहार की खुशियां बढ़ेंगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय