पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर पुलिस ने किया नमन
हरिद्वार, 10 सितंबर (हि.स.)। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के 139वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद पुलिस की ओर से उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। पुलिस कार्यालय रोशनाबाद सहित जनपद के सभी थाना, कार्यालय और शाखाओं में कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पंडित पंत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके जीवन, संघर्ष और देश के लिए किए गए योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा स्वतंत्र भारत के निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंडित पंत ने देश की आजादी के संघर्ष के साथ-साथ सामाजिक और प्रशासनिक सुधारों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने हिन्दी भाषा को बढ़ावा देने, जमींदारी प्रथा समाप्त करने तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारत गणराज्य के गृहमंत्री के रूप में उनके योगदान का उल्लेख किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पंडित पंत का जीवन देश और समाज के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन मूल्यों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया। जनपद के सभी थाना एवं शाखाओं में भी पुलिसकर्मियों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला