राज्यपाल ने एलबीएसएनएए का किया भ्रमण
मसूरी, 02 मई (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शनिवार को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) का भ्रमण कर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह राज्यपाल पोलो ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने हैप्पी वैली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर खेल सुविधाओं एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अकादमी में उपलब्ध खेल सुविधाएं अधिकारियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
राज्यपाल ने अकादमी के हॉस्टलों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ संवाद कर प्रशिक्षण गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
उन्होंने अकादमी में उपलब्ध उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान देश के प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय