नैनीताल में पर्यटन सुविधाओं और झील संरक्षण पर राज्यपाल ने की हितधारकों संग चर्चा

 


नैनीताल, 05 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) ने लोक भवन में होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन और बोट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर नैनीताल में पर्यटन सुविधाओं, अवस्थापना विकास और नैनी झील से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की।

राज्यपाल ने कहा कि नैनीताल का प्राकृतिक सौंदर्य और नैनी झील देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण हैं तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

बैठक में राज्यपाल ने पर्यटन क्षेत्र में आधुनिकीकरण और सुविधाओं के विस्तार पर बल देते हुए कहा कि पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए टनल पार्किंग, बहुमंजिला पार्किंग तथा रोपवे जैसी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पार्किंग क्षमता बढ़ाने, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, रक्षा संपदा की भूमि को पार्किंग के रूप में विकसित करने, पुराने होटलों के पुनर्निर्माण की स्वीकृति, कुमाऊं के लिए विशेष रेल सेवाओं के संचालन और हेलीपोर्ट और हेली सेवाओं की व्यवस्था जैसे सुझाव रखे।

वहीं बोट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नैनी झील में बोट संचालन से जुड़ी समस्याओं, बोट स्टैंड पर शेल्टर निर्माण, झील की नियमित निगरानी एवं सफाई, सौंदर्यीकरण तथा सड़क मरम्मत की आवश्यकता से अवगत कराया। राज्यपाल ने कहा कि सुझावों पर संबंधित विभागों, स्थानीय प्रशासन, मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री स्तर पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और कुछ प्रस्तावों पर कार्य पहले से प्रगति पर है।

बैठक में राज्यपाल की अपर सचिव रीना जोशी, नैनीताल होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट, महासचिव वेद साह, बोट एसोसिएशन के अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी