दवाओं के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में फार्मासिस्ट निभाएं सक्रिय भूमिका: राज्यपाल
देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मरीजों को दवाओं की सही जानकारी, उचित खुराक, इस्तेमाल के समय तथा आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने में उनकी सक्रिय भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक और गलत इस्तेमाल से रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) की समस्या गंभीर होती जा रही है।
राज्यपाल गुरुवार को देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में भारतीय फार्मेसी परिषद (पीसीआई) की ओर से विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के तहत आयोजित राज्यस्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस वर्ष समारोह की थीम 'स्वस्थ भारत : रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला' रखी गई थी।
डॉ. बिसेन ने कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेना और निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले दवा बंद कर देना रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने फार्मासिस्टों से दवाओं के इस्तेमाल के प्रति आम लोगों को जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना जैसी पहल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में योगदान दे रही हैं। जनऔषधि केंद्रों के माध्यम से लोगों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों तक आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना विशेष महत्व रखता है। राज्य के फार्मासिस्ट दवाओं के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता और उचित उपयोग की जानकारी देकर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने राज्य की जैव विविधता और औषधीय एवं सुगंधित वनस्पतियों में फार्मेसी तथा औषधि अनुसंधान की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
राज्यस्तरीय समारोह में उत्तराखंड के 80 फार्मेसी संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 1,100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें फार्मेसी के विद्यार्थी, शिक्षक, कार्यरत फार्मासिस्ट और संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम में रोगाणुरोधी प्रतिरोध पर विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा, पोस्टर प्रस्तुति, साइ-टून प्रतियोगिता और फार्मा क्विज आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय