काकड़ीघाट और कैंची धाम में राज्यपाल ने की पूजा-अर्चना
नैनीताल, 19 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को नैनीताल जनपद की सीमा से लगे अल्मोड़ा जनपद के काकड़ीघाट स्थित ऐतिहासिक ज्ञानवृक्ष (पीपल) और कर्कटेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इसके बाद न्होंने नैनीताल जनपद स्थित विश्वप्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम में दर्शन कर देश, प्रदेश तथा समस्त मानवता की सुख-शांति और कल्याण की प्रार्थना की। राज्यपाल ने कहा कि काकड़ीघाट आध्यात्मिक चेतना, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र है। स्वामी विवेकानंद की साधना स्थली होने के कारण इसका महत्व और बढ़ जाता है।
उन्होंने उस पावन स्थल के दर्शन को सौभाग्य बताते हुए ज्ञानवृक्ष के संरक्षण और वैज्ञानिक विधियों से उसके पुनर्जीवन के प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि यह स्थल आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। इधर कैंची धाम में उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, करुणा, भक्ति और मानव कल्याण के आदर्शों से परिपूर्ण रहा है तथा उनके संदेश आज भी समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कैंची धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा, सेवा और लोकमंगल का जीवंत केंद्र है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु आत्मिक शांति का अनुभव करते हैं। राज्यपाल ने आश्रम परिसर का अवलोकन कर वहां संचालित आध्यात्मिक एवं सेवा गतिविधियों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आश्रम प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी