राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने दीं प्रदेशवासियों को नव संवत्सर व चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं

 


देहरादून, 18 मार्च (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को नव संवत्सर एवं चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए कामना करते हुए कहा कि यह नव संवत्सर सभी के जीवन में सुख,समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए और समाज और राष्ट्र की सेवा के प्रति प्रेरणा प्रदान करे।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि नवरात्र के पवित्र नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना हमें शक्ति,संयम, धैर्य और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। यह पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है, जो जीवन में नई ऊर्जा, सुख-समृद्धि और उत्साह का संचार करता है। उन्होंने नव संवत्सर के आगमन को नई आशाओं और उमंग का संदेश बताया और प्रार्थना की कि यह वर्ष प्रदेशवासियों को उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और सफलता प्रदान करे और उत्तराखं निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र नवरात्र शक्ति उपासना का पर्व है और यह भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने नवरात्र को समाज में नारी के महत्व और सामर्थ्य का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस अवसर पर किया जाने वाला कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से नारियों के सम्मान का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने पौराणिक ग्रंथों में चैत्र नवरात्र के विशेष महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इस दौरान मां दुर्गा की उपासना से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने प्रदेश में प्रमुख देवी मंदिरों एवं शक्तिपीठों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की परंपरा पर भी प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में शुभ कार्यों की शुरुआत में संकल्प लेना महत्वपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय