भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान न रुका है, न रुकेगा : धामी
- भ्रष्टाचार या रिश्वत की मांग की शिकायत 1064 पर करें, पहचान रहेगी गोपनीय
देहरादून, 8 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने सरकार को सेवा और सुशासन की जिम्मेदारी सौंपी है और जनता के इस विश्वास की रक्षा करना सरकार का दायित्व है। सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और इस दिशा में केवल दावे नहीं,बल्कि धरातल पर कठोर कार्रवाई भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान के तहत रिश्वतखोरों की गिरफ्तारी से लेकर बड़े अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तक की गई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में पद और प्रभाव की परवाह किए बिना कानून अपना काम कर रहा है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को उसके पद या प्रभाव के आधार पर संरक्षण नहीं मिलेगा।
धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में प्रदेश की जनता की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से 1064 हेल्पलाइन को प्रभावी माध्यम बनाया गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है अथवा भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी सामने आती है तो उसकी शिकायत तत्काल 1064 हेल्पलाइन पर करें।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार शाम जारी एक वीडियों में कहा कि भ्रष्टाचार की जानकारी सामने आने के बावजूद चुप रहने के बजाय जनता को सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम में सहभागी बनना चाहिए। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने 1064 हेल्पलाइन को भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता का सशक्त हथियार बताते हुए इसका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना भी है। सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से आम जनता का शासन व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होकर रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी नीति से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध सरकार का अभियान लगातार जारी है और आने वाले समय में भी इसे पूरी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह अभियान न रुका है और न रुकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय