गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने की मांग
नैनीताल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने घोड़ाखाल स्थित प्रसिद्ध गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मंदिर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।
सांसद ने पत्र में कहा कि न्याय के देवता के रूप में पूजे जाने वाले गोलू देवता का मंदिर उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां उत्तराखंड सहित देश के अन्य राज्यों और विदेशों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इसे कैंची धाम और जागेश्वर धाम सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ने में मदद मिल सकती है।
अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सड़क, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विशेष अवसरों और पर्यटन सीजन के दौरान पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है।
सांसद ने मुख्यमंत्री से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया। उनकेअनुसार, मंदिर को मिशन में शामिल करने से धार्मिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं के विकास को गति मिल सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी