वर्ल्ड ओलंपिक डे की पूर्व संध्या पर गोल्डन माइल रन

 


हरिद्वार, 22 जून (हि.स.)। नव युवा कल्याण समिति लक्सर एवं जिला एथलेटिक एसोसिएशन हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन वर्ल्ड ओलंपिक डे की पूर्व संध्या पर ‘गोल्डन माइल रन’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जस्सी स्पोर्ट्स अकेडमी, भोगपुर के क्रीड़ा मैदान में हुआ। गोल्डन रन का शुभारंभ अकादमी के अध्यक्ष दीपक कुमार ने झंडा चौक, भोगपुर से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ का समापन अकादमी के मैदान पर हुआ, जहां विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

सीनियर बालिका वर्ग में रिया रानी (अलीपुर) ने प्रथम, अंजलि (बीडीसी) ने द्वितीय तथा कहकशा बसर (बहादराबाद) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर बालक वर्ग में सागर पाल (बुग्गावाला-भगवानपुर) प्रथम, रहमान (बहादराबाद) द्वितीय और वंश कुमार (रायगढ़) तृतीय स्थान पर रहे। विजेता खिलाड़ियों को नव युवा कल्याण समिति के सत्यपाल कुमार, सीमा रानी एवं दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से मेडल, मोमेंटो और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

आयोजकों ने बताया कि 23 जून को वर्ल्ड ओलंपिक डे के अवसर पर डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज, मायापुर के खेल मैदान में बालिकाओं की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें केवल हरिद्वार जनपद की बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर नवनियुक्त राज्य मंत्री नितिन गौतम तथा गोरखा समाज के राज्य सदस्य पदम प्रसाद सुवेदी का सम्मान एवं नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार, अकादमी अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, एथलेटिक एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, आदेश सैनी, डॉ. धूम सिंह, हिमांशु चोपड़ा, पदमा पांडे, वरिष्ठ कबड्डी खिलाड़ी पुष्पराज सहित अनेक लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला