अवसर को लक्ष्य में बदलने के लिए तकनीकी तैयारियों पर गुरुकुल में विशेष व्याख्यान

 


हरिद्वार, 21 अगस्त (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में छात्रों को रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विशेष व्याख्यान सत्र का आयोजन किया गया। प्रबंधन अध्ययन संकाय के सभागार में आयोजित सत्र में समविश्वविद्यालय की प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. इंदु गौतम ने एमबीए, बीबीए और बीकॉम के विद्यार्थियों को संबोधित किया।

डॉ. इंदु गौतम ने कहा कि शैक्षिक सत्र विद्यार्थियों को सैद्धांतिक रूप से मजबूत बनाते हैं, जबकि तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण औद्योगिक इकाइयों की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि एक संतुलित और कुशल प्रशिक्षु बनने के लिए विद्यार्थियों का दोनों क्षेत्रों में दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को बायोडाटा तैयार करने, संचार कौशल विकसित करने, योग्यता समूह चर्चा, साक्षात्कार की तैयारी, पेशेवर शिष्टाचार, इंटर्नशिप और करियर योजना सहित विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी प्रस्तुति, संवाद क्षमता और पेशेवर व्यवहार पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। व्याख्यान के दौरान प्लेसमेंट की तैयारियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता पर भी विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि बदलते औद्योगिक परिदृश्य में एआई आधारित तकनीकों की समझ उनके करियर के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। कार्यक्रम में प्रबंधन अध्ययन संकाय के शिक्षक, एमबीए, बीबीए एवं बीकॉम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला