गुरुकुल कांगड़ी विवि के रजिस्ट्रार से मारपीट में चार गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार के साथ मारपीट के मामले में कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपितों की पहचान कर उन्हें पकड़ा।

पुलिस के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में कुछ लोग अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे थे। इसी दौरान बुजुर्ग रजिस्ट्रार ने उन्हें कोई सुझाव दिया, जिस पर विवाद हो गया। आरोप है कि धरने पर बैठे लोगों ने रजिस्ट्रार सत्यदेव निगमालंकार के साथ हाथापाई और मारपीट कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें रजिस्ट्रार के साथ अभद्रता साफ दिखाई दे रही है।

वीडियो सामने आने के बाद कनखल थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजनीश भारद्वाज पुत्र स्व. महेश भारद्वाज, नरेंद्र मलिक पुत्र स्व. जयपाल, ओमबीर सिंह पुत्र भूरा सिंह और उमाशंकर पुत्र स्व. भगवान दत्त शर्मा के रूप में हुई है।

चारों आरोपित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, कनखल क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला