ज्वालापुर आश्रय गृह से आठ वर्षीय बच्ची लापता, तलाश में जुटी पुलिस

 

हरिद्वार, 16 अगस्त (हि.स.)। ज्वालापुर स्थित एक आश्रय गृह से आठ वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची 15 अगस्त को आश्रय गृह में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मौका पाकर बाहर निकल गई। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं मिलने पर आश्रय गृह की अधीक्षिका ने ज्वालापुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही बच्ची की तलाश में जुटी है।

आश्रय गृह की अधीक्षिका शिवानी गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब आठ वर्षीय बच्ची हरियाणा की रहने वाली है। बाल कल्याण समिति हरिद्वार के आदेश पर उसे 13 अगस्त को ज्वालापुर स्थित आश्रय गृह में लाया गया था। 15 अगस्त की सुबह आश्रय गृह में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बच्चे अपनी प्रस्तुतियां दे रहे थे। इसी दौरान बच्ची मौका पाकर आश्रय गृह से बाहर निकल गई।

बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलते ही आश्रय गृह के कर्मचारियों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, हरिद्वार रेलवे स्टेशन, हरिद्वार बस स्टैंड, हरकी पैड़ी समेत अन्य संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका। काफी प्रयासों के बाद भी बच्ची के नहीं मिलने पर अधीक्षिका शिवानी गोयल ने 15 अगस्त को ही ज्वालापुर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर गुमशुदगी दर्ज करने और बच्ची की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर लिया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला