जीआईसी त्रियुगीनारायण में सात प्रवक्ताओं के पद रिक्त
गुप्तकाशी, 04 अगस्त (हि.स.)। एक ओर प्रदेश सरकार सभी सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर जनपद रुद्रप्रयाग के सीमांत क्षेत्र स्थित राइंकॉ त्रियुगीनारायण में वर्षों से प्रवक्ताओं के अधिकांश पद रिक्त होने के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के अभाव में कई छात्र-छात्राएं अन्य विद्यालयों में प्रवेश लेने को मजबूर हो रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेश भट्ट ने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को पत्र भेजकर विद्यालय में शीघ्र प्रवक्ताओं की नियुक्ति किए जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, हिंदी, सामाजिक विज्ञान और भूगोल जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के साथ ही प्रधानाचार्य के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
वहीं, कांग्रेस मनरेगा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक बगवाड़ी ने भी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सभी विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा करती है, जबकि कई सरकारी विद्यालय आज भी शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से सीमांत क्षेत्रों के विद्यालयों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां कर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेहतरीन शिक्षा व्यवस्था को सुचारु करने में विफल सिद्ध हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन