घाट बैंड स्लाइड जोन में लगातार गिर रहा मलबा-पत्थर, प्रशासन अलर्ट

 


-एडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा

- एनएच अधिकारियों को युद्धस्तर पर मार्ग खोलने के निर्देश

पिथौरागढ़, 26 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर घाट बैंड के स्लाइड जोन में लगातार मलबा और पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शनिवार सुबह अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक जीबी जोशी सहित संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने एनएच विभाग को मार्ग खोलने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी (एडीएम) योगेंद्र सिंह ने कहा कि पिथौरागढ़ के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-09 लाइफलाइन है। उन्होंने एनएच अधिकारियों को मार्ग खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही मलबा हटाने के दौरान यातायात को यथासंभव सुचारू रखने के प्रयास करने को कहा।

एडीएम ने स्लाइड जोन के ऊपर से रैंप बनाकर मलबा हटाने, मशीनों की संख्या बढ़ाने और बारिश रुकते ही दोनों ओर से अवरोध हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्लाइड जोन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

एडीएम ने आमजन से प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही यात्रा की योजना बनाने की अपील की। उन्होंने यात्रियों से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।

सहायक अभियंता एनएच लोहाघाट डीएस जरमाल ने बताया कि बारिश के दौरान घाट बैंड के स्लाइड जोन में लगातार पत्थर गिरने के कारण मलबा हटाने का कार्य प्रभावित हो रहा है। विभाग की ओर से मार्ग खोलने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मौसम में सुधार होते ही मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय