बच्चों ने सीखी जर्मन भाषा की बुनियादी जानकारी

 


देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में बच्चों के लिए संचालित जर्मन भाषा कक्षा का शुक्रवार को सफल समापन हुआ। 30 जनवरी 2026 से प्रारंभ इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को एक नई विदेशी भाषा से सहज एवं रोचक तरीके से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र साैंपे गए। इस अवसर पर पुस्तकालय के अध्यक्ष प्रो. बीके जोशी ने कहा कि लाइब्रेरी को केवल पुस्तकों के आदान-प्रदान तक सीमित न रखकर एक प्रेरणादायक शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। पुस्तकालय का यह दूसरा प्रयास है,जिसके तहत बच्चों को बुनियादी विदेशी भाषाओं का शैक्षिक एवं आनंददायक अनुभव दिया गया। कक्षाओं का संचालन प्रभव शर्मा ने किया, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों को जर्मन भाषा के अभिवादन, संख्याएं, समय, रंग एवं सरल संवाद सिखाए गए।

कार्यक्रम के अंत में पुस्तकालय अध्यक्ष प्रो. डी.के. पाण्डे ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी, बाल अनुभाग की समन्वयक मेघा, डॉ. लालता प्रसाद, सुंदर सिंह बिष्ट सहित अभिभावक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय