जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

 




देहरादून, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में सरकारी भूमि को निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान के तहत प्रदर्शन किया। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मसूरी स्थित ऐतिहासिक जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि निजी हाथों में सौंपे जाने के फैसले के विरोध में प्रदर्शन किया।

इस दौरान गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश की बेशकीमती सरकारी जमीनों को कौड़ियों के भाव निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भूमि केवल जमीन का टुकड़ा नहीं बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है। राज्य गठन के समय जनता ने जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकार सुरक्षित रहने की उम्मीद की थी, लेकिन वर्तमान सरकार इन संसाधनों का निजी हितों में इस्तेमाल कर रही है।

गोदियाल ने कहा कि मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट केवल पर्यटन स्थल नहीं बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस भूमि को किस प्रक्रिया और किन शर्तों के तहत निजी हाथों में सौंपा गया है। उन्होंने मांग की कि निजी हाथों में सौंपी गई जमीनों को तत्काल सरकार में निहित किया जाए तथा जॉर्ज एवरेस्ट सहित अन्य सरकारी भूमि से जुड़े निर्णयों पर पुनर्विचार कर पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी सरकारी संपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान प्रदेश की जमीन, जंगल और जनहितों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा जनआंदोलन है। कांग्रेस प्रदेश की जनता के साथ मिलकर सरकारी भूमि के निजीकरण के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, अश्विनी बहुगुणा, उपेंद्र थापली, अमरजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, विधानसभा प्रभारी अमरेंद्र बिष्ट, जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय