मुख्यमंत्री ने गौचर में किया 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ

 


मुख्यमंत्री बोले- विकास भी और विरासत भी के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही राज्य सरकार

देहरादून, 14 नवंबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जिले के गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह मेला न केवल प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का माध्यम है, बल्कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धामी सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्द्धन को भी प्राथमिकता दे रही है। सरकार 'विकास भी और विरासत भी' के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य की पारंपरिक पहचान को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखंड के लोकपर्व, मेले, धार्मिक आयोजन और सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के पारंपरिक मेलों और त्योहारों को व्यापक पहचान मिले। इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोक कला, पारंपरिक खानपान और सांस्कृतिक विरासत को नए मंच उपलब्ध हो रहे हैं। इससे स्थानीय कारीगरों, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं के लिए भी रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला वर्षों से सीमांत क्षेत्रों की व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक-सांस्कृतिक मेलजोल का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। मेले की परंपरा उत्तराखंड की सामूहिक विरासत और लोकजीवन से गहराई से जुड़ी हुई है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने मेले में पहुंचे लोगों से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय