गैस वितरण के लिए बनाया रोस्टर

 

नई टिहरी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जौनपुर ब्लॉक क्षेत्र के रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। यहां मसूरी इंडेन गैस एजेंसी ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हर माह दो बार रसोई गैस सिलिंडरों की आपूर्ति का नया रोस्टर जारी किया है। बीते मार्च से नियमित आपूर्ति नहीं होने से परेशान उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

मसूरी इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक संजय रावत ने बताया कि जौनपुर ब्लॉक क्षेत्र में अब निर्धारित तिथियों पर रसोई गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी। बताया कि थत्यूड़ बाजार में प्रत्येक माह 10 और 25 तारीख, जबकि नैनबाग बाजार में 11 और 26 तारीख को आपूर्ति होगी। इसी तरह भवान, थान, भाल, बिलोदी पुल, किक्ट, आबली-साबली, कुड़, डांडा की बेली, खानेरी, सिंजल, खट्ट, अगिंडा, गडेथ, मराड़ और घाटी क्षेत्र में 7 और 24 तारीख को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कैपंटी बाजार में 6 और 22, गरखेत क्षेत्र में 23 तारीख को आपूर्ति होगी।

रावत ने बताया कि रोस्टर के तहत धनोल्टी, सत्यो, हटवाल गांव और मठियाण गांव में 2 और 17 तारीख को रसोई गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी। प्रबंधक के अनुसार यदि उक्त निर्धारित तिथि को मौसम खराब होने अथवा वाहन में तकनीकी खराबी आने के कारण आपूर्ति नहीं हो पाती है तो ठीक अगले दिन गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी