यमुनोत्री धाम में जानकीचट्टी में लगा कूड़े का ढ़ेर बना परेशानी का सबब
उत्तरकाशी, 24 सितंबर (हि.स.)। यमुनोत्री धाम यात्रा के प्रमुख एवं अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी के मुहाने पर लगा कूड़े का डंप स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। कूड़े का समय पर निस्तारण नहीं होने से चटख धूप में कचरा सड़ने लगा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है।
इससे स्थानीय लोगों के साथ ही यमुनोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में प्रधान प्रतिनिधि नारायण पुरी बीफ प्रदीप रावत, वीरेंद्र कफोला, अरविंद चौहान आदि ने कहा कि यमुनोत्री क्षेत्र के भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जानकीचट्टी में डंपिंग कूड़े के शीघ्र निस्तारण की मांग की थी तथा जिलाधिकारी ने जिला पंचायत को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी कूड़े का निस्तारण नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जानकीचट्टी यमुनोत्री धाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही वाला क्षेत्र है। चटख धूप के कारण कचरे से उठ रही सड़ांध और दुर्गंध से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रा के प्रमुख पड़ाव पर लंबे समय से जमा कूड़े का ढेर स्थानीय लोगों के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भी परेशानी का कारण बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कूड़े का तत्काल निस्तारण कर क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो और जानकीचट्टी की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनी रहे।
फोटो -
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल