गंगाेत्री विधायक ने की सीएम से मुलाकात, उत्तरकाशी के मुद्दाें पर की चर्चा

 


देहरादून, 31 जुलाई (हि.स.)। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश सिंह चौहान ने आज देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की।इस दाैरान उन्हाेंने गंगोत्री विधानसभा विधानसभा क्षेत्र व उत्तरकाशी जनपद से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण जनहित के विषयों पर चर्चा की ।

भेंट के दौरान विधायक चौहान ने सऊदी अरब में विगत सात वर्षों से फंसे उत्तरकाशी के इन्द्रमणि नौटियाल की सुरक्षित व शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने के लिए भारत सरकार व विदेश मंत्रालय के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से परिजन की वापसी की प्रतीक्षा कर रहा है, इसलिए मानवीय दृष्टिकोण से इस विषय पर त्वरित पहल आवश्यक है।

विधायक सुरेश सिंह चौहान ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र धौंतरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में उच्चीकृत किए जाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से धौंतरी एवं आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके अतिरिक्त विधायक सुरेश सिंह चौहान ने उत्तरकाशी–घनसाली–तिलवाड़ा–केदारनाथ चारधाम यात्रा मोटर मार्ग को ऑल वेदर रोड परियोजना में सम्मिलित किए जाने की आवश्यकता पर भी पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के ऑल वेदर परियोजना में शामिल होने से वर्षभर सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा, जिससे चारधाम यात्रा, पर्यटन, तीर्थाटन, आपदा प्रबंधन तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही सीमांत एवं पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास को भी बल मिलेगा। मुख्यमंत्री धामी ने विधायक चौहान द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और प्रत्येक विषय पर सकारात्मक एवं आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

इस दौरान गाजणा पट्टी शिष्टमंडल के भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव नौटियाल, जिला पंचायत प्रतिनिधि राय सिंह रावत, ज्येष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि डुंडा अबल सिंह राणा, मंडल महामंत्री बलवीर चौहान, प्रधान संगठन महामंत्री एवं ग्राम प्रधान पोखरियाल गांव जितेंद्र पोखरियाल, भाजपा जिला महामंत्री दिनेश रावत, कन्हैया रमोला, सिद्धेश्वर भट्ट आदि माैजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल