कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी से घाटों पर नजर
हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाटों से लेकर प्रमुख मार्गों तक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गयी। सोमवार को गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) स्थित मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों और प्रमुख स्नान स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी रखी जाए। कहीं भी भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि स्नान पर्व के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्नान कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वहीं, डीएम मयूर दीक्षित ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु रखा जाए। पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। कंट्रोल रूम को भी प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की नियमित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
प्रशासन ने स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला