गंगा घाटों की सफाई में जुटे प्रेमनगर आश्रम के स्वयंसेवक

 


हरिद्वार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में गंगा घाटों की सफाई के लिए रविवार को प्रेमनगर आश्रम के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान गंग नहर की बंदी का लाभ उठाते हुए घाटों और नहर के पाट में जमा कपड़े,पॉलीथीन, गाद और अन्य कचरा हटाया गया।

कैबिनेट मंत्री और प्रेमनगर आश्रम के परमाध्यक्ष सतपाल महाराज के मार्गदर्शन में आश्रम के अनुयायियों ने प्रेमनगर चौक के पास स्थित आश्रम घाट से अभियान शुरू किया। आश्रम प्रबंधक पवन कुमार और अनुज रावत के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने आसपास के अन्य घाटों की भी सफाई की। एकत्र कचरे को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए नगर निगम के निस्तारण स्थल पर भेजा गया।

आश्रम के महाप्रबंधक महात्मा सौम्यानंद ने कहा कि नहर बंदी के दौरान घाटों की सफाई जरूरी है,ताकि नहर में पानी छोड़े जाने पर जमा कचरा गंगा में न बहे। उन्होंने लोगों से गंगा और घाटों पर पुराने कपड़े, पॉलीथीन तथा अन्य कचरा नहीं फेंकने की अपील की।

अभियान के दौरान पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की भागीदारी से स्वच्छता अभियान को गति मिलती है।

आश्रम के वरिष्ठ कार्यकर्ता शंकर लाल ने कहा कि कुंभ मेले तक श्रमदान जारी रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला