देहरादून में गांधी-शास्त्री जयंती पर विभिन्न संस्थानों ने दी श्रद्धांजलि, स्वच्छता व जनसेवा का लिया संकल्प
देहरादून, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर देहरादून में विभिन्न सरकारी संस्थानों और सामाजिक संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्वच्छता, जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
शहरी विकास निदेशालय में निदेशक विनोद गोस्वामी ने स्वच्छता कर्मियों के साथ गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत राज्य में घर-घर कूड़ा संग्रहण, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और लीगेसी वेस्ट के निस्तारण पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में शेष लीगेसी कचरे के 31 मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को नगर निगम देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम कार्यालय परिसर और गांधी पार्क पहुंचकर दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मेयर ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल पेश की। दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी देशवासियों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि गांधी के स्वच्छता संदेश और शास्त्री के सादगी एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ, अनुशासित और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया समेत अधिकारियों-कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। विचार गोष्ठी में गांधी और शास्त्री के जीवन, विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। अधिकारियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को कार्य व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया।
सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग में भी गांधी और शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, उप निदेशक रवि बिजारनिया सहित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए।
महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी समेत पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। वक्ताओं ने सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता, सादगी और राष्ट्रसेवा के उनके विचारों को याद किया।
वार्ड 34 गोविंदगढ़ की टीचर कॉलोनी प्रकाश नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र और यमुना कॉलोनी-बिंदल बस्ती में भी गांधी और शास्त्री की जयंती मनाई गई। राष्ट्रीय व्यापार मंडल के संगठन मंत्री राजकुमार तिवारी ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास पर चर्चा की गई। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के साथ माताओं और बच्चों को आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय