पांच सुपर जोन और 13 सेक्टरों में बंटा गैरसैंण, सुरक्षा में 1500 जवान तैनात

 


- विधानसभा सत्र के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, संवेदनशील मार्गों पर बैरिकेडिंग

- एटीएस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी किया गया तैनात

गैरसैंण, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में मंगलवार, 27 अक्टूबर से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानसभा भवन और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से पांच सुपर जोन और 13 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1500 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। विधानसभा परिसर के आसपास कंटीले तारों और मजबूत लोहे के बैरिकेड लगाकर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

विधानसभा सत्र के पहले दिन प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस, प्रदेश प्रधान संगठन और उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव का ऐलान किया गया है। इसे देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रदर्शनकारियों को विधानसभा भवन तक पहुंचने से रोकने के लिए दीवालीखाल, जंगलचट्टी, परवाड़ी मोटर मार्ग और सारकोट मोटर मार्ग सहित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी:

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण, निर्बाध और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि सत्र की गरिमा बनाए रखने के साथ स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पांच सुपर जोन और 13 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक जोन और सेक्टर की निगरानी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को तैनात किया गया है।

एटीएस और डॉग स्क्वायड भी तैनात-

सुरक्षा व्यवस्था में सिविल पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात प्रबंधन टीम, प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी), आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस), डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते सहित अन्य खुफिया एजेंसियों को शामिल किया गया है। पुलिस प्रशासन ने सत्र के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय