उत्तराखंड के सभी नौ जिला सहकारी विकास संघों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

 


देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में चल रहे सहकारिता चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित उम्मीदवार सभी नौ जिला सहकारी विकास संघों (डीसीडीएफ) में निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। जिला भेषज सहकारी संघ, चंपावत में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।

सहकारिता मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि समितियों से लेकर जिला सहकारी विकास संघों तक भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की सहकारिता क्षेत्र में अपनाई गई नीतियों और सुधारों पर सहकारिता परिवार के विश्वास का प्रतीक बताया।

निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में उधम सिंह नगर जिला उपभोक्ता सहकारी संघ,रुद्रपुर की अध्यक्ष प्रतिभा शाही,कुमाऊं सहकारी विकास संघ,अल्मोड़ा की अध्यक्ष बबीता मेहरा और चमोली जिला सहकारी विकास संघ,गोपेश्वर की अध्यक्ष कमला देवी शामिल हैं। इसके अलावा जिला बेसिक एवं सहकारी विकास संघ,कोटद्वार (पौड़ी) से रविंद्र सिंह नेगी,मुनिकीरेती (टिहरी) से सत्येंद्र सिंह पुनेठा, जिला सहकारी संघ हरिद्वार से रामवीर सिंह,तराई विकास सहकारी संघ, रुद्रपुर से गोपाल बोरा, देहरादून जिला सहकारी फेडरेशन से राहुल गुप्ता और नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव फेडरेशन, हल्द्वानी से शिव बहादुर सिंह निर्विरोध चुने गए हैं।

मंत्री ने कहा कि तीन जिला सहकारी विकास संघों में महिलाओं का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव निर्वाचित पदाधिकारी सहकारिता संस्थाओं को अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा किसानों, महिलाओं और युवाओं को सहकारिता से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जिला सहकारी विकास संघों के चुनाव के बाद अब जिला सहकारी बैंकों के चुनाव प्रस्तावित हैं, जिन्हें निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय