नवप्रवेशित छात्रों को शैक्षणिक प्रणाली की दी गई जानकारी

 


हल्द्वानी, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के आदर्श अध्ययन केंद्र हल्द्वानी में नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारम्भ (इंडक्शन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में अकादमिक वातावरण के बीच आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई। समन्वयक डॉ. विशाल शर्मा ने शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की भूमिका और उनके शैक्षणिक भविष्य के बारे में जानकारी दी। इसके बाद कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी सहित प्राध्यापकों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वक्ताओं ने छात्रों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री वितरण और ऑनलाइन डिस्टेंस लर्निंग व्यवस्था से अवगत कराया। साथ ही कौशल विकास, कार्यशालाओं और करियर मार्गदर्शन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।

समापन सत्र में कुलपति ने छात्रों को उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, समय प्रबंधन और करियर योजना पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने छात्रवृत्ति योजनाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग पर भी जोर दिया।

इस दौरान लगभग 110 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑफलाइन उपस्थिति दर्ज की। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पुस्तक मेले ने भी कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा पंत ने किया। इस अवसर पर प्रो. गगन सिंह, प्रो. आशुतोष भट्ट, डॉ. प्रदीप पंत, डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. मनोज पांडे, डॉ. गोपाल दत्त कमला राठौर, डॉ. मीनाक्षी राणा, डॉ. दीपा बिष्ट व दीपिका रैकवाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता