फर्जी बैनामा, 12 लाख की ठगी, अब पुलिस के शिकंजे में दूसरा आरोपी

 




हरिद्वार, 06 सितंबर (हि.स.)। जमीन बेचने के नाम पर 12 लाख की कथित धोखाधड़ी और फर्जी बैनामा तैयार करने के मामले में रुड़की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे वांछित आरोपित को भी हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित पर रकम लेने के बाद जाली दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार ग्राम जसवावाला निवासी देशराज पुत्र फूल सिंह ने 3 जुलाई को कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अनुज कुमार पुत्र कल्याण सिंह और कल्याण सिंह पुत्र सावल दास, निवासी ग्राम सैदपुरा, थाना मंगलौर ने जमीन बेचने के नाम पर उससे 12 लाख की धोखाधड़ी की। आरोप है कि दोनों ने वादी के पक्ष में फर्जी एवं जाली बैनामा भी तैयार किया। तहरीर के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए। इस मामले में आरोपित अनुज कुमार को पुलिस ने 17 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने वांछित आरोपित कल्याण सिंह पुत्र सावल दास, निवासी ग्राम सैदपुरा, थाना मंगलौर, तहसील रुड़की, जनपद हरिद्वार को जेल के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला