श्री कैंची धाम एवं खैरना होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन का गठन
नैनीताल, 13 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम एवं खैरना क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों के हितों के संरक्षण के उद्देश्य से ‘श्री कैंची धाम एवं खैरना होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन’ का गठन किया गया है। बताया गया है कि नवगठित संगठन क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेगा।
नवगठित कार्यकारिणी में भुवन तिवारी को अध्यक्ष, पंकज निगल्टिया को उपाध्यक्ष, हितेश साह को सचिव, अनुराग बिष्ट को कोषाध्यक्ष तथा हर्षित तिवारी को संयुक्त सचिव चुना गया है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में रमेश किरौला और दीपक तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवन तिवारी ने बताया कि बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचते हैं।
ऐसे में उनके ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे। साथ ही क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामूहिक हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
एसोसिएशन ने क्षेत्र के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों से संगठन के साथ जुड़कर पर्यटन विकास और स्थानीय व्यवसायों को मजबूत बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी