हरिद्वार में पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा का गठन, 5 जुलाई को ज्वालापुर में होगी ओबीसी महापंचायत
हरिद्वार, 26 जून (हि.स.)। जनपद के विभिन्न पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) संगठनों की एक संयुक्त प्रेसवार्ता धर्मपाल सिंह ठेकेदार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा हरिद्वार के गठन की घोषणा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि जिले में ओबीसी समाज की लगभग 50 प्रतिशत आबादी होने के बावजूद राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।
बैठक में कहा गया कि हरिद्वार जिले की अधिकांश विधानसभा सीटों पर ओबीसी समाज चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है, लेकिन राजनीतिक दल समाज की लगातार उपेक्षा कर रहे हैं। मोर्चा ने मांग की कि हरिद्वार और रानीपुर विधानसभा सीटों से ओबीसी समाज के प्रत्याशियों को टिकट दिया जाए।
मोर्चा के नेतृत्व में 5 जुलाई शुभारंभ बैंक्वेट हॉल, ज्वालापुर में विशाल ओबीसी महापंचायत एवं जनसभा आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दलों के ओबीसी नेताओं को आमंत्रित किया गया है तथा जिलेभर से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। महापंचायत में राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक न्याय, आरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
धर्मपाल सिंह ठेकेदार और विनोद मलिक ने कहा कि ओबीसी समाज अब संगठित और जागरूक हो चुका है तथा जो राजनीतिक दल समाज की अनदेखी करेंगे, उन्हें चुनाव में इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज को उसकी जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
विजयपाल सिंह और संजय सैनी ने उत्तराखंड में ओबीसी आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 21 प्रतिशत किए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि राज्य में ओबीसी समाज की आबादी 20 प्रतिशत से अधिक है, इसलिए विधानसभा में भी उसके अनुरूप प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
सतीश मलिक और उज्ज्वल वालिया ने ओबीसी जाति प्रमाण पत्र के बार-बार नवीनीकरण की व्यवस्था समाप्त करने तथा केवल ओबीसी वर्ग पर लागू क्रीमी लेयर व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।
पार्षद अनुज सिंह और धनीराम सैनी ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति की तर्ज पर विधानसभा और लोकसभा में भी ओबीसी समाज के लिए राजनीतिक आरक्षण लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो हरिद्वार से दिल्ली तक व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में एडवोकेट धर्मवीर कश्यप, मदनपाल गुर्जर, सुधीर ठेकेदार, डॉ. प्रेम प्रकाश सतेलवाल, विजय प्रजापति सहित आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला