ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का गठन, कुंभ में निरंजनी अखाड़े के साथ करेगा शाही स्नान
हरिद्वार, 13 जुलाई (हि.स.)। देवभूमि उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के ब्राह्मण संगठनों ने समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का गठन किया है। गोविंदपुरी स्थित एसएमजे एन डिग्री कॉलेज में साेमवार काे आयोजित संयुक्त बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज संयुक्त मंच के मुख्य संयोजक होंगे। मंच में प्रदेश के प्रत्येक ब्राह्मण संगठन से चार-चार संयोजक सदस्य शामिल किए जाएंगे तथा जिला और नगर स्तर पर क्षेत्रीय प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही उत्तराखंड से सटे अन्य राज्यों के ब्राह्मण संगठनों को भी मंच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी ने कहा कि संत समाज हर समाजहित के कार्य में ब्राह्मण समाज के साथ खड़ा है। उन्होंने घोषणा की कि कुंभ 2027 में ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के सदस्य निरंजनी अखाड़े के साथ शाही स्नान करेंगे। इस दौरान भगवान परशुराम जी की पालकी भी शाही स्नान यात्रा का हिस्सा होगी और हरकी पैड़ी के पवित्र ब्रह्मकुंड में भगवान परशुराम के प्रतीक विग्रह का विधिवत शाही स्नान कराया जाएगा।
बैठक में संयुक्त मंच के लिए पांच संरक्षकों की घोषणा भी की गई। इसके अलावा मंच का मुख्य कार्यालय श्री निरंजनी अखाड़ा, हरिद्वार में स्थापित करने पर सहमति बनी। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य संतों को भी संरक्षक मंडल में शामिल किया जाएगा।
इस मौके पर अरूण कुमार शर्मा, पद्म प्रकाश शर्मा, अधीर कौशिक, शिव कुमार शर्मा, डॉ. अजय वशिष्ठ, अजय उनियाल, रंजन मिश्रा, अनुराग गौड़, आचार्य रमेश सेमवाल, संजय शर्मा, अश्वनी भारद्वाज, बालकृष्ण शास्त्री, डॉ. बीडी शर्मा, राम प्रसाद उपाध्याय, प्रो. सुनील कुमार बत्रा सहित देहरादून, हरिद्वार, रुड़की आदि क्षेत्रों के ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला