हरिद्वार में बाघ-बाघिन का शव मिलने के बाद वन मंत्री ने किया श्यामपुर रेंज का निरीक्षण
हरिद्वार, 20 मई (हि.स.)। बीते दो दिनों में राजाजी टाइगर रिजर्व से लगी हरिद्वार की श्यामपुर रेंज में बाघ-बाघिन की हत्या से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। दोनों के चारों पंजे काटे जाने से क्षेत्र में वन्य जीव अंगों का कारोबार करने वाले तस्करों की सक्रियता दिखाई दे रही है।
श्यामपुर रेंज में विगत 48 घंटे में नर एवं मादा बाघ के शव बरामद होने के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा सवालों के घेरे में है। मामला प्रकाश में आने के बाद बुधवार को वन मंत्री सुबोध उनियाल एवं राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि द्वारा घटना स्थल का मौका मुआयना कर विस्तार से मामले की जानकारी ली गयी। वरिष्ठ वन अधिकारियों ने वन मंत्री को बताया कि दोनों बाघ की मौत के मामले में क्षेत्र के वन गुर्जरों की भूमिका है और इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। इनकी गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ाने की बात भी कही। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनिरुद्ध स्वप्निल (आईएफएस) एसडीओ पूनम कैंथोला रेंजर विनय कुमार राठी आदि मौजूद रहे ।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला