वाजिद स्वीट्स के रसगुल्लों में मिली मरी मक्खियां, दाे क्विंटल मिठाई और स्टार्च किया नष्ट
हरिद्वार, 25 अगस्त (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को जनपद में सघन छापेमारी की। सोहलपुर में वाजिद स्वीट्स पर छापे के दौरान जंग लगे टीन में रखे रसगुल्लों में मरी हुई मक्खियां और मधुमक्खियां मिलीं। मौके पर भारी गंदगी, काली दीवारें और फूड ग्रेड मानकों का उल्लंघन मिला। टीम ने करीब 2 क्विंटल मिठाई और स्टार्च गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया।
उपायुक्त गढ़वाल आरएस रावत के नेतृत्व में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और वरिष्ठ अधिकारी दिलीप जैन ने गुप्त सूचना पर वाजिद स्वीट्स का निरीक्षण किया। मौके पर 8 जंग लगे टीन में 1.6 कुंतल सफेद रसगुल्ला, 15 किलो गुलाबी रसगुल्ले, 25 किलो स्टार्च पाउडर और 40 किलो मिल्क केक मिला। रसगुल्लों में स्टार्च का उपयोग हो रहा था। मिल्क केक धूल भरे स्थान पर रखा था।
विभाग ने रसगुल्ला और स्टार्च के 3 नमूने लिए और शेष माल नष्ट कराया। निर्माण इकाई को बंद करा दिया गया और एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। इसी टीम ने सिडकुल में पनीर यूनिट का निरीक्षण किया, जहां 50 किलो संदिग्ध पनीर मिला। एनालॉग पनीर की जांच के लिए नमूना भेजा गया। वरिष्ठ अधिकारी कैलाश टम्टा ने मायापुर, कनखल, रानीपुर मोड़, ज्वालापुर में 8 डेयरी, ढाबा, रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर घेवर, पतीसा, दूध, दही और तेल के 5 नमूने लिए। योगेंद्र पांडेय ने रुड़की में 3 नमूने लिए। कुल 12 नमूने जांच को भेजे गए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला