मैकडॉनल्ड्स में सड़े प्याज के इस्तेमाल पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति

 


हरिद्वार, 29 अगस्त (हि.स.)। जन्माष्टमी पर्व को लेकर खाद्य आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शुक्रवार को हरिद्वार में रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया। इस दौरान 12 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने पेंटागन मॉल स्थित मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच में बर्गर में बदबूदार, सड़े और मानव उपभोग के अयोग्य कटे प्याज का इस्तेमाल पाया गया। इसके अलावा टोरटिला रैप पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि मिटाई हुई मिली। फूड लाइसेंस में नए नॉमिनी का नाम दर्ज नहीं था और मीट प्रोडक्ट और आइसक्रीम-डेजर्ट की श्रेणी का इंडोर्समेंट भी नहीं मिला।

खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर संबंधित उत्पादों के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी और लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की। रेस्टोरेंट से दो खाद्य नमूने भी लिए गए।

आर्यनगर में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने फ्लिपकार्ट के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट का निरीक्षण किया। यहां मेडिकल,पानी की जांच रिपोर्ट,पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिले। भंडारण व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिस पर नोटिस जारी किया गया। पटियाला की एक देसी घी कंपनी को भ्रामक दावों को लेकर नोटिस दिया गया। यहां से घी, भुना चना और दाल के तीन नमूने लिए गए।

पिरान कलियर में उर्स मेले के मद्देनजर चार और रुड़की की मिठाई दुकानों से तीन नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान पुरानी तहसील मेन बाजार में कुछ खाद्य कारोबारियों ने दुकानें बंद कर दीं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार जिले से कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला