होली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा: खाद्य संरक्षा ने लिया एक्शन

 


उत्तरकाशी, 02 मार्च (हि.स.)। जिले भर में होली के त्योहार को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर खाद्य संरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिससे मिलावटी खोरो में हड़कंप मच गया हैं।

सोमवार को सहायक आयुक्त अश्वनी कुमार सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न बाजारों का निरीक्षण किया ।इस दौरान मातली, बाड़ेथी, चिन्यालीसौड़, डुंडा, उत्तरकाशी मुख्य बाजार, जोशियाड़ा और ज्ञानसू जैसे प्रमुख बाजारों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों को स्वच्छता मानकों का पालन करने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचने के कड़े निर्देश दिए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर संदेह होने पर टीम द्वारा अब तक कुल 19 नमूने संग्रहित किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से 05 मावा, 02 घी, 02 रिफाइंड तेल, 02 दूध के साथ-साथ पापड़, सूजी, खांडसारी, तिल तेल, काजू कतली, बेसन, हल्दी पाउडर और मिल्क केक का एक-एक नमूना शामिल है। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब से जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार मिलावट या अशुद्धि मिलती है है तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल