त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 350 किलो संदिग्ध पनीर-मावा नष्ट
-मिठाई की दुकानों और ऑनलाइन स्टोर की भी जांच
- काजू कतली, सोन पापड़ी और मिल्क केक समेत सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दीपावली समेत आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए देहरादून में व्यापक जांच अभियान चलाया। शनिवार सुबह पांच बजे से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर और 150 किलोग्राम संदिग्ध मावा नष्ट कराया। इसके अलावा विभिन्न खाद्य पदार्थों के सात नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में टीम ने भनियावाला और रानीपोखरी क्षेत्र में बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान गुप्त सूचना के आधार पर महिंद्रा पिकअप वाहन की जांच में करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर मिला। यह पनीर हरिद्वार के सुल्तानपुर क्षेत्र से लाया जा रहा था और अस्वच्छ परिस्थितियों में वितरित किया जा रहा था। टीम ने नमूना लेने के बाद शेष पनीर नष्ट करा दिया।
इसी तरह बोलेरो वाहन की जांच में करीब 150 किलोग्राम संदिग्ध मावा बरामद हुआ। यह मावा भगवानपुर क्षेत्र से लाया जा रहा था और वाहन की सीटों के नीचे रखा गया था। मावे से दुर्गंध आने पर टीम ने उसका नमूना लेकर शेष मात्रा नष्ट करा दी। दोनों मामलों में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान भनियावाला के दुर्गा चौक स्थित एक डेयरी से परम पनीर और सेलेक्सो पैक्ड पनीर के नमूने भी लिए गए। इसके बाद भनियावाला, रानीपोखरी और डोईवाला क्षेत्र की मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित होने की व्यवस्था जांची गई।
उधर, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना के नेतृत्व में जीएमएस रोड स्थित मिठाई की दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने ओलंपस हाई स्कूल के पास स्थित ऑनलाइन खाद्य सामग्री आपूर्ति करने वाले हाइपरनेक्स्ट (जेप्टो) स्टोर की भी जांच की। यहां पैक्ड मिठाइयों की निर्माण एवं अवसान तिथि की पड़ताल की गई। संदेह के आधार पर काजू कतली, सोन पापड़ी और मिल्क केक के नमूने लिए गए।
आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संजय तिवारी सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय