टिहरी में खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 12 खाद्य पदार्थों के नमूने, दो होटल संचालकों को नोटिस
नई टिहरी, 03 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बाजार में जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई, पनीर, घी और मसालों सहित 12 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर दो होटल संचालकों को नोटिस भी जारी किए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत के नेतृत्व में टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े मानकों की जांच की गई। साथ ही प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग की भी पड़ताल की गई।
वरिष्ठ खाद्य अधिकारी शारदा शर्मा और बलवंत चौहान ने बताया कि अभियान के दौरान मिठाई के पांच, पनीर और मसालों के दो-दो तथा बेसन, घी और अन्य खाद्य पदार्थ का एक-एक नमूना लिया गया। सभी नमूने गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में बाहर से वाहनों के माध्यम से आपूर्ति किए जा रहे मिठाई, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की गई।
अभियान में जिला पूर्ति विभाग के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गर्विन चंद्र भट्ट, पूर्ति निरीक्षक रवि राणा और सहायक चंद कुमाई शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी