त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने देहरादून में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चकराता रोड स्थित एडीज बेकरी से हेजलनट चॉकलेट केक और क्रीम के नमूने लिए गए, जबकि पैक्ड फूड सिरप का नमूना भी जांच के लिए सील किया गया। वहीं, तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी मिलने तथा सुधार संबंधी निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप में उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की गई है।
विभाग की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार, आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने यमुना कॉलोनी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। एडीज बेकरी से लिए गए नमूनों के साथ प्रिंसटिन ब्रांड के पैक्ड फूड सिरप का नमूना भी खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बेकरी में पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं मिले। विभाग ने प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार, तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी मिलने पर पहले स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक रसोई का संचालन स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि प्रतिष्ठान ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके बाद संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 और 58 के तहत वाद दायर करने की स्वीकृति दी गई है। विभाग के मुताबिक, अगले कार्यदिवस में न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी, देहरादून की अदालत में वाद दायर किया जाएगा।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। त्योहारों के मद्देनजर निरीक्षण और नमूनों की जांच तेज की गई है। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला जांच में खाद्य पदार्थ अधोमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता मानकों और विभागीय निर्देशों की अनदेखी भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय