खाद्य सुरक्षा को लेकर फाइव स्टार होटलों में विशेष अभियान, दो नमूने जांच के लिए भेजे

 




देहरादून, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच के लिए सोमवार को देहरादून-मसूरी मार्ग स्थित कई फाइव स्टार होटलों में विशेष अभियान चलाया। विभाग की टीमों ने होटलों के किचन,स्टोर और खाद्य सामग्री की जांच की और दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए।

सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय ने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठान छोटा हो या बड़ा,खाद्य सुरक्षा के नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं। उन्होंने कहा कि एनालॉग पनीर,गैर-दुग्ध उत्पादों या मिलावटी एवं गैर-मानक खाद्य सामग्री से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अनुसार,अभियान के तहत ताज होटल,फेयरफील्ड बाय मैरियट देहरादून,जेडब्ल्यू मैरियट मसूरी रिज़ॉर्ट एंड स्पा, हयात सेंट्रिक राजपुर रोड देहरादून और हयात रीजेंसी देहरादून समेत अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के दौरान हयात रीजेंसी से मसालों और जे डब्ल्यू मैरियट से तैयार दाल के नमूने लिए गए हैं। दोनों नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की टीमों ने होटलों में खाद्य पदार्थों के भंडारण,कच्चे माल की गुणवत्ता,पैकेज्ड खाद्य सामग्री, स्वच्छता और रखरखाव व्यवस्था की भी जांच की। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान एनालॉग पनीर और अन्य गैर-दुग्ध उत्पादों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता,लेबलिंग,स्रोत और निर्धारित मानकों में गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि हयात रीजेंसी देहरादून के स्टोर में मिले गुलकंद, आयातित ऑर्गेनो और सौंफ के पैक्ड उत्पादों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और गुणवत्ता संबंधी जानकारी संबंधित निर्माताओं से मांगी गई है। इस संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं और विभागीय कार्रवाई जारी है।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई के साथ खाद्य कारोबारियों में स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। बताया कि देहरादून जिले में होटल, रेस्तरां, डेयरी, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की औचक जांच और नमूने लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रयोगशाला रिपोर्ट में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून मनीष सयाना,वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह,वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय