हरिद्वार में हाईवे होटल में मीट-बेकरी उत्पादों की बिक्री पर रोक
हरिद्वार, 19 सितंबर (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने हरिद्वार-दिल्ली हाईवे, लक्सर और शहर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। एफ़एसएसएआई के रिस्क बेस्ड इंस्पेक्शन के तहत होटल-रेस्टोरेंट, डेयरी, नमकीन इकाइयों और किराना दुकानों पर छापेमारी कर कुल 13 नमूने जांच को भेजे गए।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने हाईवे स्थित एक होटल-रेस्टोरेंट में गंभीर अनियमितताएं पकड़ीं। होटल फूड लाइसेंस पर ही रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, जबकि लाइसेंस में चाय, मीट, मिठाई, बेकरी और अनाज उत्पादों की श्रेणी ही नहीं थी। टेस्ट रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और ऑडिट रिकॉर्ड भी नहीं मिले। किचन में वेज-नॉनवेज के लिए अलग सेक्शन नहीं था, एक ही बर्तन में दोनों तरह का खाना बन रहा था।
नॉनवेज फ्रीजर में वेज सामान, सड़े प्याज, शिमला मिर्च और पनीर का उपयोग मिला। बिल पर 14 अंकों का अनिवार्य नंबर भी नहीं था। इस पर विभाग ने मीट, भारतीय मिठाई और बेकरी उत्पादों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाकर 15 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया। मौके से पनीर, शहद, कुल्चा के 3 नमूने लिए और 5 किलो खराब सामग्री नष्ट कराई।
लक्सर में खुला पनीर, नमकीन और फ्रूटी ड्रिंक के 3 नमूने लिए गए, जबकि सफाई और लाइसेंस नवीनीकरण न होने पर एक नमकीन इकाई व दो किराना दुकानों को नोटिस दिया गया। वरिष्ठ अधिकारी कैलाश भट्ट ने पुरुषार्थी मार्केट और शिवमूर्ति चौक क्षेत्र में धनिया, मिर्च, दूध, घी और पनीर के 7 नमूने लिए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला