भ्रामक विज्ञापन वाले खाद्य तेल पर कार्रवाई, एक्ट्रेस समेत दो कंपनियों को नोटिस
हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने भ्रामक विज्ञापन और गलत दावों वाले खाद्य तेल उत्पाद पर बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माता कंपनी, ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन और एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह को नोटिस जारी किया है।
अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने प्रीत लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल का नमूना लिया था। जांच में लेबल पर फोर्टिफाइड फूड लोगो का बिना एफएसएसएआई सर्टिफिकेशन के उपयोग और कई हेल्थ क्लेम पाए गए। उत्पाद पर एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह की फोटो के साथ खाना बनाओ, स्वाद पाओ टैगलाइन से प्रचार किया जा रहा था। अमेजन वेबसाइट पर भी उत्पाद की जानकारी अतिशयोक्तिपूर्ण दावों के साथ प्रदर्शित मिली।
इस पर निर्माता कंपनी मै. तपन एग्रो इंडस्ट्रीज प्रा. लि. आगरा को क्लेम के दस्तावेजी प्रमाण और एंडोर्समेंट एग्रीमेंट प्रस्तुत करने, एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह को विज्ञापन अनुबंध और सहमति पत्र का स्पष्टीकरण देने तथा अमेजन सेलर सर्विसेज प्रा. लि. हुबली को वेबसाइट पर गलत जानकारी के संबंध में स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला