एनालॉग पनीर की शिकायत पर हरिद्वार में खाद्य विभाग का छापा, छह सैंपल जांच को भेजे
हरिद्वार, 10 सितंबर (हि.स.) एनालॉग पनीर की शिकायतों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त गढ़वाल आरएस रावत के नेतृत्व में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ अधिकारी दिलीप जैन और टीम ने पनीर इकाइयों, डेयरी, होटल और खाद्य तेल गोदामों का सघन निरीक्षण किया।
जशोदरपुर और दुर्गागढ़ स्थित पनीर निर्माण इकाइयों की जांच में दुर्गागढ़ की इकाई स्थायी रूप से बंद मिली, जबकि जशोदरपुर में 27 अगस्त से नवीनीकरण और नई पैक्ड यूनिट की स्थापना के कारण उत्पादन बंद मिला।
सराय स्थित खाद्य तेल निर्माता कंपनी के गोदामों से कच्ची धानी सरसों तेल और वनस्पति के दो सैंपल लिए गए।
गोदाम में साफ-सफाई और सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए गए, साथ ही करीब 50 किलो खराब बेसन नष्ट कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारी कपिल देव ने रहमतपुर, पिरान कलियर में पनीर सप्लाई यूनिट का निरीक्षण किया, जहां मेरठ की लाइसेंसी इकाई से पैक्ड पनीर आपूर्ति की पुष्टि हुई। यहां से पनीर का एक सैंपल लिया गया और गैर-अनुपालन पर नोटिस जारी किया गया। तस्सीपुर रुड़की की डेयरी से भी एक सैंपल लिया गया।
ब्रह्मपुरी मनसा देवी रोड से वनस्पति का एक सैंपल भी लिया गया।
इसके अलावा बिना पंजीकरण और अस्वच्छ परिस्थितियों में कारोबार करने वाले पांच प्रतिष्ठानों के संतोषजनक जवाब न मिलने पर न्याय निर्णायक अधिकारी की कोर्ट में वाद दायर किए गए। कार्रवाई के दौरान कुल छह सैंपल जांच को भेजे गए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला