हरिद्वार में खाद्य विभाग का सघन निरीक्षण, दाल-दूध और शहद के सैंपल जांच को भेजे
हरिद्वार, 07 सितंबर (हि.स.)। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने औद्योगिक इकाइयों, ढाबों, रेस्टोरेंट और डेयरियों में औचक छापेमारी कर तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में की गई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र, खड़खड़ी और भीमगोड़ा क्षेत्र में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
टीम ने खड़खड़ी स्थित एक ढाबा-रेस्टोरेंट से पकी हुई दाल का सैंपल लिया। वहीं भीमगोड़ा की गुसाईं गली में एक ग्राहक की शिकायत पर डेयरी से खुले दूध का नमूना संग्रहित किया। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पैकेजिंग फर्म से शहद का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को कड़ी हिदायत दी।
खाद्य सामग्री का सही रखरखाव, साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
विभाग ने बताया कि जिले में लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए औचक निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला