रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी

 


हरिद्वार, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को जिले भर में सघन अभियान चलाया। आयुक्त विनय शंकर पांडेय और डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर मिठाई दुकानों, निर्माण इकाइयों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर 18 नमूने जांच के लिए लिए गए।

वरिष्ठ अधिकारी कैलाश टम्टा ने रानीपुर और लोधामंडी ज्वालापुर में छापा मारा। आरोड स्वीट्स एंड ट्रेडर्स पर 80 किलो खुला रसगुल्ला नष्ट कराया गया।

मोहाली की कंपनी को लेबल नियम न मानने पर नोटिस दिया गया। लोधामंडी में ही बिना लाइसेंस चल रही इलायची दाना इकाई को बंद कराया गया। यहां 5 नमूने लिए गए। विभागीय अधिकारी कपिल देव ने ढंढेरा-मंगलौर में मूलचंद स्वीट्स पर 80 किलो गुलाब जामुन नष्ट कराया। बिना लाइसेंस वाली 2 दुकानों को नोटिस दिया और 5 नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में शामिल दिलीप जैन ने लक्सर में घेवर, रसगुल्ला और मावा के 4 नमूने लिए। बालावाली तिराहे पर आजाद स्वीट को गंदगी पर नोटिस दिया। जबकि योगेंद्र पांडेय ने रुड़की में कैफे कॉफी डे समेत दुकानों से गुलाब जामुन, घेवर, चॉकलेट और एनर्जी ड्रिंक के 4 नमूने लिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला